उत्तराखंड: प्रदेश के प्रमुख शहरों में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। सड़कों पर वाहनों के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने और ट्रैफिक प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले की सिटी पेट्रोल यूनिट (सीपीयू) में 128 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
होगी तैनाती
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस मुख्यालय ने प्रतिनियुक्ति के इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है और जल्द ही चयनित कर्मियों को नई जिम्मेदारी सौंपने की प्रक्रिया शुरू होगी। जिसमें नई तैनाती के साथ सीपीयू कर्मियों की भूमिका को भी स्पष्ट किया गया है। उनकी जिम्मेदारी केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटने तक सीमित नहीं रहेगी। इसके बजाय सड़क पर यातायात अनुशासन बनाए रखना, जाम की स्थिति को तुरंत नियंत्रित करना, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपात स्थिति में आमजन की सहायता करना भी उनकी प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल होगा।
सीपीयू कर्मियों का चयन
इस बार सीपीयू में तैनाती के लिए चयन प्रक्रिया में एक बड़ा बदलाव किया गया है। यातायात निदेशालय द्वारा सितंबर माह में शुरू की गई प्रतिनियुक्ति प्रक्रिया के तहत पहली बार इच्छुक पुलिसकर्मियों की योग्यता और कार्यक्षमता परखने के लिए लिखित परीक्षा (टेस्ट) आयोजित की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सीपीयू जैसे विशेष कार्यक्षेत्र में केवल उन्हीं कर्मियों को मौका मिले, जो यातायात प्रबंधन और सड़क पर प्रभावी पुलिसिंग के लिहाज से पूरी तरह दक्ष हों।