उत्तराखंड दुखद: नहीं रहे उत्तराखंड के ‘विकास पुरुष’: पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बी.सी. खंडूरी का निधन, शोक की लहर

उत्तराखंड से जुड़ी दुखद खबर सामने आई है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (सेवानिवृत्त) का आज निधन हो गया है।


लंबे समय से चल रहे थे बीमार


उन्होंने 90 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे पूर्व मुख्यमंत्री ने देहरादून के मैक्स अस्पताल में सुबह 11:15 बजे अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से वेंटिलेटर पर थे।


उत्तराखंड की दो बार संभाली कमान

​मेजर जनरल खंडूरी उत्तराखंड की राजनीति के एक अत्यंत सम्मानित और अनुशासित चेहरा थे। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में सेवाएं दीं। उन्हें राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास, विशेषकर सड़क संपर्क और सुशासन के लिए विशेष रूप से याद किया जाता है। मुख्यमंत्री के अलावा, वे गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से सांसद के रूप में 16वीं लोकसभा में भी जनता का प्रतिनिधित्व कर चुके थे।
• ​पहला कार्यकाल: 2007 से 2009 तक
• ​दूसरा कार्यकाल: 2011 से 2012 तक

​सेना से राजनीति तक का सफर

​राजनीति में आने से पहले, उन्होंने भारतीय सेना में एक गौरवशाली करियर पूरा किया था। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने जनसेवा का मार्ग चुना और उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके परिवार में उनकी बेटी ऋतु भूषण खंडूडी हैं, जो वर्तमान में उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। उनके निधन की खबर से राज्य के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है और सीएम समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।