उत्तराखंड: चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा के दूसरे चरण ने पकड़ी रफ्तार, आज के लिए 56 हजार से अधिक हुए ऑनलाइन पंजीकरण

​उत्तराखंड: मौसम साफ होते ही चारधाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा के दूसरे चरण ने गति पकड़ ली है। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।

श्रद्धालुओं में उत्साह

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिसमें शनिवार के लिए रिकॉर्ड 56,418 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है, जबकि रोजाना औसतन 5,000 ऑफलाइन पंजीकरण भी किए जा रहे हैं। यात्रा का पहला चरण धामों के कपाट खुलने से लेकर 30 जून तक चलता है। इसके बाद जुलाई, अगस्त और सितंबर मध्य तक भारी बारिश के कारण तीर्थयात्रियों की संख्या सीमित रहती है। 15 सितंबर से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होता है। हालांकि, सितंबर के अंतिम सप्ताह तक बारिश जारी रहने से सुरक्षा के लिहाज से यात्रा दो दिनों के लिए स्थगित की गई थी। अब मौसम सुहावना होने के बाद केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को कुल 56,418 ऑनलाइन पंजीकरण दर्ज किए गए।
• ​केदारनाथ धाम: 20,298
• ​बदरीनाथ धाम: 19,056
• ​गंगोत्री धाम: 8,569
• ​यमुनोत्री धाम: 6,702
• ​हेमकुंड साहिब: 1,793
• इसके अलावा, गुरुवार को भी 5,000 ऑफलाइन पंजीकरण किए गए थे।
​