उत्तराखंड: ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’: आज देहरादून से रवाना होगी विशेष ट्रेन, 700 श्रद्धालु करेंगे सोमनाथ के दर्शन, सरकार उठाएगी पूरा खर्च

उत्तराखंड: सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष और मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड सरकार द्वारा ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया जा रहा है।

‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’

इस ऐतिहासिक आयोजन के तहत उत्तराखंड से सोमनाथ के लिए एक विशेष ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ ट्रेन रवाना की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में संस्कृति विभाग को इस यात्रा का नोडल विभाग बनाया गया है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों और विभागाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।‌ 13 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे देहरादून से यह विशेष रेलगाड़ी रवाना होगी, जिसे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) या मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
​हर जिले से शामिल होंगे 40 यात्री

​इस यात्रा में राज्य की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 11 अलग-अलग समूहों से यात्रियों का चयन किया जा रहा है। संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले से 40-40 श्रद्धालुओं का चयन जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जा रहा है। महिलाएं, आध्यात्मिक संस्थाएं, कलाकार, व्यापारी, तकनीकी कर्मी, योजना लाभार्थी, गिग वर्कर्स, युवा प्रोफेशनल, वरिष्ठ नागरिक, विद्यार्थी, सेवा प्रदाता और सीमावर्ती गांवों के निवासी शामिल होंगे। विशेष अतिथि में हरिद्वार की पतंजलि योगपीठ, गायत्री परिवार और ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन से भी 15-15 अतिरिक्त प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, 20 कलाकारों का दल गुजरात में उत्तराखंड की लोक-संस्कृति की प्रस्तुति देगा।
​सरकार उठाएगी यात्रा का पूरा खर्च

​श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। उत्तराखंड संस्कृति विभाग रेल यात्रा और भोजन का खर्च उठाएगा, जबकि गुजरात में रुकने, भोजन और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था गुजरात पर्यटन विभाग करेगा। ट्रेन में चिकित्सा आपातकाल के लिए पांच डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भी तैनात रहेगी। साथ ही, सुरक्षा के लिए प्रत्येक जिले से एक नोडल अधिकारी और एक स्वयंसेवक यात्रियों के साथ जाएगा।


​यात्रा का पूरा कार्यक्रम

• ​13 जुलाई: देहरादून से दोपहर 3 बजे प्रस्थान।
• ​15 जुलाई: सोमनाथ आगमन।
• ​16-17 जुलाई: सोमनाथ संकल्प संवाद, लाइट एंड साउंड शो, रुद्राभिषेक, महाआरती और दीपोत्सव जैसे कार्यक्रमों में सहभागिता।
• ​17 जुलाई (शाम): सोमनाथ से वापसी।
• ​19 जुलाई: देहरादून आगमन।