‘मन की बात’ में छाया उत्तराखंड: पीएम मोदी ने माणा और बगोरी गांवों में डिजिटल बदलाव को बताया मिसाल, उत्तराखंड के हरदेव सिंह और पूर्णिमा रावत की तारीफ

​देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते कल रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण के जरिए देशवासियों को संबोधित किया।

पीएम ने किया जिक्र

जिसमें उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत में ही उत्तराखंड के सीमांत गांवों में आ रहे डिजिटल बदलावों, जनसांख्यिकीय जागरूकता और स्थानीय लोगों की भागीदारी का विशेष उल्लेख किया और इसे पूरे देश के लिए एक मिसाल करार दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मौके पर प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के सीमांत गांव माणा (देश का पहला गांव) और उत्तरकाशी के बगोरी गांव का जिक्र करते हुए डिजिटल जागरूकता की सराहना की। बर्फीले और सुदूर क्षेत्रों में चल रही जनगणना प्रक्रिया की चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि माणा गांव में जनगणना की शुरुआत 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत से हुई। वहीं, उत्तरकाशी के बगोरी गांव के होमस्टे संचालक हरदेव सिंह राणा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद डिजिटल माध्यम से ‘स्व-गणना’ की। प्रधानमंत्री ने देश के प्रत्येक नागरिक से जनगणना प्रक्रिया में शामिल होने और सटीक जानकारी दर्ज कराने का आग्रह किया।

​सीएम धामी ने जताया आभार

प्रधानमंत्री द्वारा राज्य का उल्लेख किए जाने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया। बता दें कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अब तक 12 से अधिक बार उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों का जिक्र आ चुका है।