उत्तराखंड: आज से केदारनाथ में शुरू होगी बाबा केदार की भव्य आरती, खुल रहे हैं भैरव मंदिर के कपाट

उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्थित विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा शुरू हो गई है। इसके साथ ही केदारपुरी के रक्षक माने जाने वाले बाबा भुकुंट भैरव के मंदिर के कपाट आज शनिवार को विधिवत खोल दिए जाएंगे।

आज से होगी नित्य आरती

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पौराणिक परंपराओं के अनुसार, जब तक भैरवनाथ के द्वार नहीं खुलते, तब तक मुख्य केदारनाथ मंदिर में नित्य पूजा और आरती का विधान शुरू नहीं होता है। केदारनाथ मंदिर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर बायीं पहाड़ी पर स्थित भैरवनाथ मंदिर का विशेष महत्व है। मंदिर के पुजारी अरविंद शुक्ला ने जानकारी दी कि शनिवार सुबह विधि-विधान से कपाट खुलने के बाद ही केदारनाथ धाम में सुबह-शाम की नित्य आरती और भोग लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी। वर्तमान में श्रद्धालु केवल बाबा केदार के दर्शन कर पा रहे हैं। छह महीने के शीतकालीन अवकाश के बाद बाबा केदारनाथ के कपाट बीते बुधवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे।