उत्तराखंड: उत्तराखंड से जुडी खबर है। एडवेंचर स्पोर्ट्स और राफ्टिंग के शौकीनों के लिए जरूरी खबर है। विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा नदी के पानी में जल्द ही एक बार फिर राफ्ट्स उतरती नजर आएंगी।
परखा जलस्तर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विभागीय टीम द्वारा बीते शनिवार को की गई रैकी में गंगा का जलस्तर राफ्टिंग के लिए अनुकूल पाया गया है। इस दौरान टीम ने 5 राफ्ट और 15 कयाक के जरिए नदी के बहाव, जलस्तर और रैपिड्स (लहरों) की स्थिति को बारीकी से परखा। जिसके बाद यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो कल 23 सितंबर से गंगा में राफ्टिंग गतिविधियों का औपचारिक संचालन शुरू हो सकता है।
राफ्टिंग का संचालन
दरअसल ऋषिकेश में 1 सितंबर से 30 जून तक राफ्टिंग का सत्र चलता है, जबकि जुलाई और अगस्त में मानसून के दौरान सुरक्षा कारणों से इसे बंद रखा जाता है। इस वर्ष सितंबर की शुरुआत में भी क्षेत्र में लगातार हुई बारिश और गंगा के बढ़े जलस्तर के कारण 1 सितंबर से राफ्टिंग का संचालन शुरू नहीं हो सका था।