उत्तराखंड: पाठ्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप होगा बदलाव, छात्रों के लिए इतने‌ विषय होंगे अनिवार्य

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में अब स्कूली शिक्षा को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप नया रूप दिया जा रहा है। इसके तहत अब विषयों में बदलाव होगा।

होगा यह बदलाव

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर छात्रों को अधिक विषयों की पढ़ाई करनी होगी। इसके लिए राज्य पाठ्यचर्या की स्टीयरिंग कमेटी ने इस ड्राफ्ट को अनुमोदित कर दिया है, जिसे अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को भेजने की तैयारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस अनुमोदित ड्राफ्ट के अनुसार, प्राथमिक स्तर पर अब तीसरी से पांचवीं कक्षा तक के छात्रों को सात विषय पढ़ाए जाएंगे। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, हमारे चारों ओर का संसार, कला शिक्षा और शारीरिक शिक्षा शामिल हैं। इसके अलावा उच्च प्राथमिक स्तर पर छठी से आठवीं कक्षा तक उच्च प्राथमिक स्तर पर कुल नौ विषयों को शामिल किया गया है। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला, शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य, और व्यावसायिक शिक्षा शामिल हैं।