April 20, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (1 अक्टूबर, शनिवार, आश्विन, शुक्ल  पक्ष, षष्ठी, वि. सं. 2079) 

Ten

◆ प्रदेश में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही व अपराध नियंत्रण के लिए वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु आज से 1 माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि प्रदेश को अपराध और अपराधी मुक्त बनाने के लिए राज्य पुलिस लगातार कार्य कर रही है।

◆ मुख्यमंत्री धामीऔर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने आज देहरादून स्थित लच्छीवाला नेचर पार्क में राज्य वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्यजीवों द्वारा वयस्क और अवयस्क की मृत्यु पर देय अनुग्रह राशि को बढ़ाकर 5 लाख रूपये किया जायेगा।

◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह और खेल मंत्री रेखा आर्या ने आज देहरादून में खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया। खेल मंत्री ने कहा कि खेल महाकुम्भ के तहत न्याय पंचायत, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

◆ मुख्यमंत्री धामी ने कैंप कार्यालय में पेशावर कांड के महानायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि वे वीरता की प्रतिमूर्ति और महान स्वाधीनता संग्राम सेनानी थे। उनकी शौर्य गाथा हमारी स्मृतियों में सदैव जीवंत रहेगी।

◆ केदारनाथ में चोराबाड़ी से लगभग 3 किलोमीटर ऊपर हिमालय क्षेत्र में आज सुबह हिमस्खलन हुआ। हिमखंड काफी बढ़ा था, जिससे बर्फ के धुएं का गुबार काफी दूर तक रहा। हिमस्खलन से केदारनाथ मंदिर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। साथ ही मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी सामान्य है।

◆ राज्य स्तरीय समान नागरिक संहिता विशेषज्ञ समिति के सदस्यों ने नागरिकों का पक्ष सुनने के लिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित किया। 15 अक्तूबर से कुमाऊं मंडल के जनपदों के लिए भी भ्रमण कार्यक्रम तैयार किया गया है।

◆ फेस्टिवल सीजन में परिवहन निगम ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, ड्राइवरों व कंडक्टरों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। सभी डिपो को अतिरिक्त बसें संचालित करने का इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

◆ अंकिता हत्याकांड में अभियुक्तों की 3 दिन की रिमांड पुलिस को मिल चुकी है। SIT द्वारा अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जारी है। विवेचना को गति देने के लिए SIT द्वारा पांच टीमें बनाई गई हैं। विवेचना में तकनीकी सहयाता हेतु STF की भी मदद ली जा रही है।

◆ 25-26 सितंबर की रात्रि लगभग 02 बजे गबनी गांव के पास नशे की हालत में वाहन से 03 खच्चर खींचने वालों (जिनमें 02 की मृत्यु हो गई) को टक्कर मार कर फ़रार हुए 03 अभियुक्तों को उत्तराखंड पुलिस ने सीसीटीवी खंगालकर गुत्थी सुलझाई और गिरफ्तार किया।

◆ पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने फेसबुक पेज पर हरिद्वार पंचायत चुनाव को लेकर पोस्ट डाली है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या कर क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायत का परिसीमन किया गया।

◆ अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच और हत्यारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर यूकेडी के 02 अक्तूबर को उत्तराखंड बंद के आह्वान को 40 राजनीतिक और गैरराजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है।