◆ उत्तराखंड को टीबी मुक्त बनाने में टीबी सर्वाइवर्स की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। टीबी से स्वस्थ होने वाले सर्वाइवर्स को प्रशिक्षण देकर टीबी चैंपियन बनाया जा रहा है। साथ ही टीबी सर्वाइर्स को संगठित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से देहरादून में तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई है।
◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह ने आज देहरादून स्थित राजभवन में नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। योगेश भट्ट पत्रकार और राज्य आंदोलनकारी रह चुके हैं।
◆ खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या ने 31 दिसम्बर तक सभी पात्र व्यक्तियों को राशन कार्ड वितरित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। साथ ही अंत्योदय कार्ड धारक तक हर हाल में गैस सिलेंडर पहुंचाने को कहा।
◆ देहरादून माल रोड का नाम जनरल विपिन रावत की स्मृति में रखा जाए, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लिखे पत्र में देहरादून जिले के अंतर्गत बिन्दाल पुल से गढ़ीकैंट तक माल रोड मार्ग का नाम परिवर्तित कर भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ स्व. जनरल बिपिन रावत के नाम से रखें जाने का अनुरोध किया है।
◆ प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। पहाड़ों में पाला तो मैदान के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह और शाम को कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। वहीं हरिद्वार में कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है।
◆ राज्यपाल गुरमीत सिंह से आज देहरादून स्थित राजभवन में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर राज्यपाल ने महिला आयोग की अध्यक्ष से महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
◆ मुख्यमंत्री ने कहा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में नई शिक्षा नीति के प्रावधान मील का पत्थर साबित होंगे। जिस राज्य का मैं सेवक हूँ, वह देश का पहला राज्य है जिसने सबसे पहले शिक्षा नीति को लागू किया।
◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल दिनांक 22.12.2022 को पुलिस मुख्यालय, देहरादून में आयोजित उत्तराखण्ड पुलिस सप्ताह 2022 का शुभारंभ करेंगे। सप्ताह की थीम ‘उत्तराखण्ड पुलिस मंथन-चुनौतियां एवं समाधान’ है।
◆ रुड़की: नो पार्किंग में खड़ी ई-रिक्शा हटवाने पर चालक ने महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ दी। वहीं जब उसने टीम को सूचना देनी चाही तो आरोपी ने वायरलेस सेट छीनकर सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
◆ उत्तराखंड विधानसभा से बर्खास्त कर्मचारियों का विधानसभा के बाहर चल रहा धरना बुधवार को जबरन समाप्त करवा दिया गया। बताया गया कि जिला प्रशासन के आदेश के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जबरन उठाया।
◆ उत्तराखंड की प्रीति नेगी ने तोड़ा पाकिस्तान की समर खान का वर्ल्ड रिकॉर्ड, प्रीति नेगी ने अफ्रीका द्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को महज 3 दिन में साइकिल से सफलतापूर्वक चढ़ाई कर रिकॉर्ड तोड़ दिया है।