रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम की यात्रा मार्ग पर खच्चरों की लीद के निस्तारण और चीड़ की पत्तियों (पीरूल) से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान से निपटने के लिए उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने अपनी तरह की पहली अनोखी पहल शुरू की है।
किया निरीक्षण
इसी क्रम में सोनप्रयाग में खच्चरों की लीद और पीरूल के मिश्रण से बायोमास ‘फायर पेलेट’ बनाने की एक नई इकाई स्थापित की गई है। बुधवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सोनप्रयाग पहुंचकर इस प्लांट का निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सोनप्रयाग की यह इकाई भले ही अभी शुरुआती चरण में है और सीमित स्तर पर उत्पादन कर रही है, लेकिन इसके परिणाम बेहद उत्साहजनक हैं। यह बायोमास पेलेट पूरी तरह से ‘कार्बन न्यूट्रल’ है, जो कोयले, डीजल और रसोई गैस (LPG) के स्थान पर एक सुरक्षित व पर्यावरण-अनुकूल ईंधन विकल्प साबित होगा। इन पेलेट्स का उपयोग न केवल हॉट वॉटर बॉयलर्स में, बल्कि स्थानीय ढाबों के फायर स्टोव और राज्य के विभिन्न उद्योगों की फर्नेस (भट्ठियों) में भी किया जाएगा, जिससे ईंधन खर्च में भारी बचत होगी।
केदारनाथ में श्रद्धालुओं को मिलेगा निःशुल्क गर्म पानी
सोनप्रयाग प्लांट में तैयार इन फायर पेलेट्स की मदद से केदारनाथ धाम में स्थापित ‘हॉट वॉटर जनरेटर’ को चलाया जा रहा है। इसके जरिए धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को 24 घंटे निःशुल्क गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सौजन्य से रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, वन विभाग और एनजीओ ‘हाईफीड’ (HIFEED) के संयुक्त सहयोग से स्थापित किया गया है।