🔸 गोवा में चल रहे 53वें अंतर्राष्ट्रीय फ़िल्म समारोह में उत्तराखंड के विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने इन्वेस्ट इंडिया के अधिकारियों के साथ फ़िल्म निवेश को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा उत्तराखंड ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस में अग्रणी राज्य है।
🔺अल्मोड़ा के विकास भवन सभागार में समान नागरिक संहिता को लेकर बैठक हुई। विशेषज्ञ टीम के सदस्य शत्रुघ्न सिंह के साथ बैठक में अधिवक्ता, प्रोफेसर, महिला , शिक्षक, नागरिक, पत्रकार अपने सुझाव दिए।
🔻 देहरादून में डोईवाला शुगर मिल के वर्ष 2022-23 के पेराई सत्र का आज शुभारंभ किया गया। गन्ना विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा, वित्त मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल और डोईवाला के विधायक बृजभूषण गैरोला के साथ मिल प्रशासन ने किसानों की मौजूदगी में पेराई सीजन की शुरुआत की।
🔹 मसूरी में लाल बहादुर शास्त्री प्रशासन अकादमी में चल रहे चिंतन शिविर के तीसरे और अंतिम दिन की शुरूआत आज योग शिविर से हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में मुख्य सचिव एसएस संधू और तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने योग किया।
🔺 न्यायालयों और पुलिस सेवाओं को आम जनमानस से अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड नैनीताल उच्च न्यायालय में ऑनलाइन ई-रिट पिटिशन पोर्टल का शुभांरम्भ किया गया।
🔻 उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित रवांई घाटी में मंगसीर की बग्वाल, देवलांग की धूम है। दीपावली के एक महीने बाद मनाए जाने वाली मंगसीर की बग्वाल पर तीन दिन तक रामलीला मैदान में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आयोजन किया जा रहा है।
🔸 नैनीताल उच्च न्यायालय की खण्डपीठ ने विधानसभा सचिवालय से 228 कर्मचारियों के बर्खास्तगी आदेश को सही माना है। पूर्व में हाईकोर्ट की एकलपीठ ने इस आदेश पर रोक लगा दी थी। इस आदेश को विधानसभा की ओर से खण्डपीठ में चुनौती दी गई। जिसे खण्डपीठ ने एकलपीठ के आदेश को पलट दिया है।
🔹प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया यानी पीएम श्री प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के सभी जिलों में विद्यालयों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पीएम श्री प्रोजेक्ट के तहत चम्पावत के चारों विकासखंड के 13 विद्यालयों का चयन किया गया है।
🔺 चमोली में सांप्रदायिक सद्भावना अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण 19 से 25 नवंबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इसी कड़ी में आज बच्चों के लिए मैराथन दौड़ आयोजित की गई। जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
🔻 ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती केदारनाथ मंदिर की दीवारों पर सोने की परत चढ़ाने से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि पत्थर के ऊपर सोना चढ़ाने से उसकी उम्र कम हो जाती है।