April 25, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (25 सितंबर, रविवार आश्विन, कृष्ण पक्ष, अमावस्या, वि. सं. 2079)

Ten

◆ अंकिता भंडारी का श्रीनगर के एनआईटी घाट पर पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया। भाई ने दी मुखाग्नि।

◆ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा है कि विधानसभा में भर्तियां पूरी पारदर्शिता और जरूरत के हिसाब से की जाएंगी। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा के जरिए चयन के लिए व्यवस्था बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं।

◆ पितृ अमावस्या पर आज देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने हरिद्वार और राज्य के अनेक स्थानों पर गंगा में डुबकी लगाई। साथ ही श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के प्रति दान, तर्पण और पिंडदान किया। कुशावृत घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर प्रदेश में विभिन्न गेस्ट हाउस और रिज़ॉर्ट पर प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू हो गई है। नैनीताल जिले के धानाचूली क्षेत्र में 5 रिजॉर्ट को सील किया गया है।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि अंकिता हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रेक से कराएंगे और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी। आज पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जघन्य अपराध में जो भी लिप्त होगा, उसे सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।

◆ प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से बारिश का सिलसिला जारी है। चंपावत जिले में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश और भूस्खलन के कारण कई जगहों पर मलबा जमा होने से राष्ट्रीय राजमार्ग-9 बंद है। आवाजाही बंद होने से यात्री व वाहन सड़कों पर फंसे हुए हैं।

◆ टिहरी: थौलधार ब्लॉक के नगुण पट्टी के जामणी गांव से लापता चल रही एक विवाहिता का कंकाल 50 दिन बाद गांव के समीप जंगल में झाड़ियों के बीच मिला। महिला की शिनाख्त परिजनों ने उसके कपड़ों से की है। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

◆ अंकिता हत्याकांड के विरोध में पूरे पहाड़ में लोगों में उबाल है। लोगों ने जगह-जगह धरना, प्रदर्शन कर रोष जताया। कांग्रेस, वामपंथी संगठन, छात्र संगठन के लोग जगह जगह धरने पर बैठे।

◆ फिल्म केदार 14 अक्तूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उत्तराखंड पर आधरित इस फ़िल्म का गीत मैं ठहरा पहाड़ी जो कि उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक स्वर्गीय हीरा सिंह राणा द्वारा लिखा गया आखिरी गीत है।

◆ यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में गिरफ्तार उत्तरकाशी के जखोल जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत का सांकरी रिजॉर्ट सरकारी भूमि पर बना है। प्रशासन ने रविवार को हाकम सिंह को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा है।

◆ आज प्रदेशभर में पंडित दीन दयाल उपाध्‍याय की जयंती मनाई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगला तराई में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।