उत्तराखंड: प्रदेश में पर्यटन, रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा, 6800 करोड़ के 2 रोपवे प्रोजेक्ट्स के लिए समझौता, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में  केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे के विकास के लिए एक समझौता हुआ है। यह समझौता सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में हुआ।

रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार को उत्तराखंड सरकार और नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) के बीच यह समझौता हुआ। यह समझौता केंद्र सरकार की पर्वतमाला परियोजना के तहत किया गया है। इस समझौते से राज्य में पर्यटन, रोजगार और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

यह रोपवे शामिल

रिपोर्ट्स के मुताबिक इन 2 रोपवे प्रोजेक्ट्स में 4100 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 12.9 किलोमीटर लंबी सोनप्रयाग-केदारनाथ प्रोजेक्ट और 2700 करोड़ रुपये की लागत वाली 12.4 किलोमीटर लंबी गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब प्रोजेक्ट शामिल है। इस समझौते के अनुसार, NHLML की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, और राज्य सरकार की 49 प्रतिशत इक्विटी भागीदारी होगी। राजस्व हिस्सेदारी का 90 प्रतिशत राज्य में पर्यटन, परिवहन और गतिशीलता परियोजनाओं पर खर्च किया जाएगा।