पौड़ी (एकेश्वर): विकास खंड एकेश्वर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सासौं में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रार्थना सभा के दौरान दो गुलदार स्कूल परिसर के बेहद पास पंहुच गये।
गुलदार की सक्रियता को देखते हुए शिक्षा विभाग अलर्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्राम प्रधान सीमा देवी ने बताया कि सुबह जब बच्चे प्रार्थना कर रहे थे, तभी गांव के टैक्सी चालक शुभम रावत वहां से गुजरे। उन्होंने स्कूल की चाहरदीवारी के ठीक सामने दो गुलदारों को बैठे देखा। शुभम ने तुरंत हॉर्न बजाया और ग्रामीणों को सूचित किया। शोर मचते ही गुलदार जंगल की ओर भाग निकले। वहीं विद्यालय के सहायक अध्यापक विकास चन्द्र कैंथोला ने बताया कि स्कूल में छोटे बच्चे (नौनिहाल) भी पढ़ते हैं, जिन्हें सीधा खतरा हो सकता था। जिसके बाद प्रभारी उप शिक्षा अधिकारी मनोज जोशी ने बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत कल 11 और 12 मई को राप्रावि सासौं में अवकाश घोषित कर दिया है।
उत्तराखंड: यहां स्कूल की प्रार्थना सभा में पहुंचे दो गुलदार, मचा हड़कंप, 11 और 12 मई को स्कूल में अवकाश घोषित