उत्तराखंड: उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2024 के अंतर्गत होने वाली टंकण (Typing) परीक्षा के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
दिशा निर्देश जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने या तकनीकी सावधानी न बरतने पर अभ्यर्थियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। आयोग ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि टाइपिंग शुरू करने से पहले सुनिश्चित कर लें कि उनका की-बोर्ड, माउस और सीपीयू सही से काम कर रहे हैं। यदि कोई समस्या हो, तो परीक्षा शुरू होने से पहले ही कक्ष-निरीक्षक को सूचित करना होगा। साथ ही, Caps Lock और Num Lock की स्थिति की जाँच करना भी आवश्यक है।
टाइपिंग टेस्ट के मुख्य नियम
मुख्य परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को 02 मिनट का डेमो दिया जाएगा, ताकि वे सॉफ्टवेयर और की-बोर्ड से अभ्यस्त हो सकें। डेमो में टाइप की गई सामग्री मुख्य परिणाम में नहीं जुड़ी जाएगी। हिंदी टाइपिंग Kruti Dev-010 और अंग्रेजी Times New Roman फॉन्ट पर होगी। टाइपिंग के दौरान गलती होने पर ‘बैक स्पेस-की’ (Back Space-key) का उपयोग किया जा सकता है। परीक्षा में 5% त्रुटियों की छूट दी जाएगी। लेकिन, यदि गलतियाँ 5% से अधिक होती हैं, तो प्रत्येक एक गलत की-डिप्रेशन के बदले पांच सही की-डिप्रेशन काट लिए जाएंगे।