उत्तराखंड: UKSSSC पेपर लीक मामला: ईडी ने की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी हाकम सिंह की इतने लाख रुपये की संपत्ति अटैच

उत्तराखंड: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुख्य आरोपी हाकम सिंह पर शिकंजा कसा है और उसकी चल-अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच कर लिया है।

की यह कार्यवाही

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जांच एजेंसी द्वारा धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 के तहत 63.30 लाख रुपये की संपत्ति पर यह कार्रवाई की गई है। ईडी का दावा है कि यह संपत्ति भर्ती घोटाले की अवैध कमाई से जुटाई गई थी। ईडी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई देहरादून के रायपुर थाने और विजिलेंस सेक्टर में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। जांच का दायरा मुख्य रूप से साल 2021 की स्नातक स्तरीय VDO-VPDO भर्ती परीक्षा पेपर लीक और साल 2016 की VDO-VPDO परीक्षा में हुई अनियमितताओं पर केंद्रित है।

​जानें कैसे हुआ था फर्जीवाड़ा

​जांच में खुलासा हुआ है कि हाकम सिंह रावत के नेतृत्व में एक गिरोह सक्रिय था। इस गिरोह ने परीक्षा की प्रिंटिंग एजेंसी (RMS टेक्नो सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड) के कर्मचारियों, कुछ लोक सेवकों, बिचौलियों और सहयोगियों के साथ मिलकर गोपनीय प्रश्नपत्र लीक किए थे। आरोपियों ने अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलकर उन्हें परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए और इसी काली कमाई से भारी-भरकम संपत्तियां बनाईं।