उत्तराखंड: अनोखी पहल: इस गांव के शिक्षक गबर सिंह बिष्ट को मिलेगा ‘राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान’, शिक्षा में नवाचार के लिए चुने गए

उत्तराखंड: कोटद्वार (पौड़ी): पौड़ी जिले के नैनीडांडा ब्लॉक स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुस्याखांद के प्रधानाध्यापक गबर सिंह बिष्ट को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 का आयोजन 5 सितंबर 2026 (शिक्षक दिवस) को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में किया जाएगा।

किया जाएगा सम्मानित

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिक्षा के क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता और नवाचार के लिए उन्हें केंद्र सरकार द्वारा घोषित ‘राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान’ के लिए चुना गया है। गबर सिंह बिष्ट को इससे पूर्व वर्ष 2019 में राज्यपाल पुरस्कार और वर्ष 2021 में राज्य के प्रतिष्ठित शैलेश मटियानी पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

शिक्षा और समाज में बदलाव

उनके मार्गदर्शन में विद्यालय के बच्चों ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। पिछले 5 वर्षों में 30 से अधिक छात्रों को राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय छात्रवृत्तियां मिली हैं। महामारी के दौरान उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल शुरू कर बच्चों की पढ़ाई जारी रखी। इसके अतिरिक्त दूरदर्शन देहरादून के ‘ज्ञानदीप’ कार्यक्रम के माध्यम से कक्षा 7वीं और 8वीं के छात्रों को विज्ञान व गणित के जटिल विषयों को आसान भाषा में समझाया। वर्ष 2019 में जब विद्यालय में महज 16 छात्र रह गए थे, तब उन्होंने विशेष नामांकन अभियान चलाया। उनके समर्पित प्रयासों के कारण आज विद्यालय में छात्रों की संख्या बढ़कर 40 हो चुकी है।