उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में मौसम में बदलाव के साथ बारिश का दौर जारी है। वहीं बीते सोमवार को यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौकैंची के समीप पहाड़ी से हुए भूस्खलन के बाद दबे हुए लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू कार्य जारी है।
दो लोगों की तलाश जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भूस्खलन में लापता श्रद्धालुओं का दूसरे दिन भी पता नहीं चल पाया है। वहीं, शाम को मौसम खराब के कारण टीमों ने रेस्क्यू अभियान रोक दिया। जिसके बाद आज रेस्क्यू दोबारा शुरू किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक हुए भूस्खलन से मलबे की चपेट में पांच यात्री आ गए थे। जिसमें दो यात्रियों के शव गत दिवस ही निकाल लिए गए थे। मृतकों की पहचान हरिशकंर (47) और उनकी बेटी ख्याति (09) निवासी जौनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मलबे में दबकर घायल हुए रसिक भाई निवासी मुंबई को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अब मलबे में दबी भाविका शर्मा (11) निवासी बी-58 कृष्ण विहार दिल्ली और कमलेश जेठवा (35) निवासी मुंबई थाने, महाराष्ट्र की खोज जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन
मंगलवार सुबह एनडीआरएफ और एसडीआरएफ सहित वन विभाग, पुलिस, राजस्व विभाग की टीम ने एक बार फिर अभियान शुरू किया। शाम को मौसम खराब के कारण टीमों ने रेस्क्यू अभियान रोक दिया। जिसके बाद आज रेस्क्यू दोबारा शुरू किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक यमुनोत्री यात्रा को भी अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।