उत्तराखंड: इतने हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया युवा कल्याण अधिकारी, बचने के लिए टॉइलट के पाइप में छिपाए रुपये

उत्तराखंड: मंगलौर (हरिद्वार): विजिलेंस टीम ने नारसन ब्लॉक में तैनात क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लक्सर का रहने वाला आरोपी कुलदीप कुमार महज डेढ़ महीने पहले ही नारसन ब्लॉक में पदस्थ हुआ था।

टीम की कार्यवाही

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्राम मुंडियाकी (मंगलौर) निवासी पीड़ित जोगिंदर को शासन से 1.12 लाख रुपये की आर्थिक प्रोत्साहन राशि स्वीकृत हुई थी। आरोप है कि नारसन ब्लॉक में तैनात अधिकारी कुलदीप कुमार इस राशि के बदले 50% कमीशन की मांग कर रहा था। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस से की। शिकायत की पुष्टि होने पर सोमवार को विजिलेंस टीम कार्यालय पहुंची, लेकिन आरोपी किसी बैठक में था। इसके बाद मंगलवार को विजिलेंस ने कार्रवाई की योजना बनाई। जैसे ही पीड़ित ने आरोपी कुलदीप को 35 हजार रुपये दिए, विजिलेंस टीम ने उसे घेर लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी तुरंत दूसरी मंजिल की ओर भागा और खुद को शौचालय में बंद कर लिया। वहां उसने रिश्वत की रकम शौचालय की सीट के पाइप में छिपा दिए। हालांकि, विजिलेंस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पूरी रकम बरामद कर ली।

होगी जांच

जिसके बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विजिलेंस अब आरोपी की चल-अचल संपत्ति और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।