पिथौरागढ़: कूलागाड़ में पहाड़ी से गिरा विशाल बोल्डर, टूटा वैली ब्रिज, चीन-नेपाल सीमा से कटे कई क्षेत्र

धारचूला (पिथौरागढ़): उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा हुआ है। यहां धारचूला से लगभग 7 किलोमीटर दूर कूलागाड़ में देर रात्रि पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और विशाल बोल्डर वैली ब्रिज पर गिर गए।

टूटा संपर्क

जिससे पुल का एक हिस्सा टूटकर खिसक गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हादसे के बाद चीन और नेपाल सीमा से लगे धारचूला तहसील के लगभग दो-तिहाई क्षेत्र का संपर्क देश के शेष हिस्सों से पूरी तरह कट गया है। पुल टूटने से दारमा, व्यास और चौदास घाटी के दर्जनों गांवों का धारचूला तहसील मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट गया है। इससे स्थानीय ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई जा रही है।