उत्तरकाशी: कंस वध और श्रीकृष्ण लीलाओं से भक्तिमय हुई सौम्यकाशी, दो निर्धन कन्याओं का हुआ निःशुल्क विवाह


​

उत्तरकाशी: सौम्यकाशी उत्तरकाशी में जारी श्री पंचकुंडीय लक्ष्मी नारायण गौ-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, कंस वध, गोपियों के साथ भगवान के प्रेम-लीला प्रसंगों तथा भक्तों से किए वादों को पूर्ण करने की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन

इस मौके पर कथा व्यास आचार्य सूर्यकांत बलूनी महाराज ने श्रीकृष्ण के चरित्र के माध्यम से धर्म, भक्ति, प्रेम और लोककल्याण का संदेश दिया। इस अवसर पर कथा पंडाल में दो निर्धन कन्याओं का निःशुल्क पाणिग्रहण संस्कार विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। जिसमें छठे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः बद्री गौमाता के पूजन, अर्चन और वंदन के साथ हुआ। सायंकालीन कथा के बाद मणिकर्णिका घाट, उत्तरकाशी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

रहें उपस्थित

इस दौरान कथा व्यास आचार्य सूर्यकांत बलूनी महाराज, वेदाचार्य एवं यज्ञ के मुख्य आचार्य प्रमोद केमनी, कथा समिति के परमाध्यक्ष स्वामी राघवानंददास महाराज, महासचिव भूपेश कुड़ियाल, मुख्य यजमान डॉ. हरिशंकर नौटियाल व उनकी धर्मपत्नी रुक्मणी नौटियाल, डॉ. भगवन नौटियाल, एडवोकेट पवन नौटियाल, सुमन नौटियाल, कार्यकारी अध्यक्ष सूरतराम नौटियाल, घनानंद नौटियाल, ब्राह्मण सभा अध्यक्ष आचार्य बुद्धि प्रसाद नौटियाल, डॉ. मुरली मनोहर भट्ट, अजय बड़ोला, आचार्य अनिल बहुगुणा, राघव उनियाल, परमेश्वर नौटियाल और आचार्य रामगोपाल पैन्यूली सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
​

यह खास संदेश

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उत्तरकाशी में पहली बार आयोजित पंचकुंडीय महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पुण्यदायी अवसर है, जिससे धर्म, संस्कार, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संदेश समाज में फैल रहा है। उन्होंने निर्धन कन्याओं के निःशुल्क विवाह को समाज के लिए सराहनीय व अनुकरणीय पहल बताया तथा लोगों से कथा के माध्यम से प्राप्त संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। पावन अवसर पर संपन्न हुए विवाहों में ग्राम गजोली निवासी मथुरा प्रसाद खंडूड़ी व श्रीमती भवानी के पुत्र अरविन्द का विवाह ग्राम गणेशपुर निवासी कमला राम बधानी की पुत्री वंदना के साथ हुआ। वहीं ग्राम उदालका निवासी सुंदरलाल व माया देवी के पुत्र विकास गैरोला का विवाह ग्राम मस्ताड़ी निवासी विनोद सेमवाल व सीता देवी की पुत्री प्रभाती के साथ संपन्न कराया गया। आयोजन समिति की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को संबल मिला और धार्मिक आयोजन सेवा व मानवीय संवेदना की मिसाल बना। आयोजन में मुख्य यजमान डॉ. हरिशंकर नौटियाल सहित कुल 51 यजमानों ने सहभागिता की। समिति ने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन कथा श्रवण कर सनातन वैदिक संस्कारों और सेवा के मार्ग पर अग्रसर होने की अपील की।