उत्तराखंड: प्रदेश भर में चलेगा पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, इन संदिग्धों पर रहेगी कड़ी नजर, डीजीपी के निर्देश

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में लगातार आपराधिक घटनाए सामने आ रही है। जो‌ एक बड़ा चिंता का विषय बन गया है। ऐसे में अब उत्तराखंड पुलिस ने व्यापक सत्यापन अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

की जाएगी जांच

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में पुलिस महानिदेशक ने राज्यभर में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित की जाएंगी, जो अपने-अपने क्षेत्रों में गहन सत्यापन अभियान चलाएंगी। क्षेत्राधिकारी (सीओ) से लेकर आईजी रेंज स्तर तक अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी भी तय होगी। पुलिस मुख्यालय ने साफ किया है कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभियान के तहत मल्टी स्टोरी अपार्टमेंट, किराये के मकान, पीजी, होम-स्टे, होटल, गेस्ट हाउस, आश्रम और धर्मशालाओं में रह रहे लोगों का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों, ठेकेदारों और अस्थायी मजदूरों की भी जांच की जाएगी।

इन पर भी रहेगी नजर

इसके अलावा ई-कॉमर्स और होम डिलीवरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की भी जांच होगी। डिलीवरी एजेंटों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा सिक्योरिटी गार्ड, कैब चालक, मॉल, जिम, कोचिंग सेंटर, स्कूल, विश्वविद्यालय और ब्यूटी पार्लर में कार्यरत कर्मचारियों की भी जांच होगी। वहीं विदेशी नागरिक वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहे हैं, उन पर भी नजर रहेगी। अवैध घुसपैठियों, संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों, खनन कारोबारियों और प्रॉपर्टी डीलरों की गतिविधियों की भी जांच की जाएगी।