अल्मोड़ा पंहुचे कुमाऊं कमिश्नर, अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का किया निरीक्षण, दिए यह जरूरी निर्देश

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने आज अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा तथा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने आयुक्त का स्वागत किया।

दिए यह निर्देश

इस निरीक्षण के दौरान कुमाऊँ कमिश्नर ने कलेक्टर कोर्ट में लंबित वादों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिलाधिकारी को कहा कि उनके अधीनस्थ न्यायालयों में चल रहे वादों की नियमित समीक्षा की जाए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने रिकॉर्ड रूम का भी अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, बहुमूल्य एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण तथा उनके डिजिटलीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के सभी बस्तों पर वर्षवार स्टीकर चस्पा किए जाएं, जिससे अभिलेखों को ट्रेस करना आसान हो। आजादी से पूर्व के अभिलेखों को अलग से सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

की यह समीक्षा

आयुक्त ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ त्वरित एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराया जाए तथा अनावश्यक देरी से बचा जाए। जनसेवा में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर भी उन्होंने बल दिया।

रहें उपस्थित

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार समेत अन्य संबंधित तथा पटल सहायक उपस्थित रहे।