उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पौड़ी गढ़वाल जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गहरा दुख जताया है।
मुआवजे की घोषणा
साथ ही सीएम ने जान गंवाने वालों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों को राज्य सरकार की ओर से 50-50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पौड़ी जिले में हुए दुखद सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।” इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया था। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।
आठ लोगों की मौत
जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब एक कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।