उत्तराखंड: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं।
तैयारियां तेज
जिस पर राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी आगामी दिसंबर माह में प्रदेशव्यापी ‘बूथ विजय अभियान’ शुरू करने जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिसमें 10 से 25 दिसंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से भाजपा बूथ स्तर पर अपने संगठन को और अधिक मजबूत करने, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर देगी। अभियान की शुरुआत 10 दिसंबर को अल्मोड़ा से प्रस्तावित है, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने की संभावना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास प्रस्तावित
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए इस अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का 9 और 10 दिसंबर को दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास प्रस्तावित है। प्रवास के पहले दिन, यानी 9 दिसंबर की शाम को प्रदेश कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अगले दिन 10 दिसंबर को अल्मोड़ा से ‘बूथ विजय अभियान’ का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा, जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति व संगठन विस्तार को लेकर मार्गदर्शन देंगे।