अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में स्थित विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में हथियार (असलहा) पहुँचने की घटना ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
चस्पा किए चेतावनी पोस्टर
मिली जानकारी के अनुसार इस गंभीर सुरक्षा चूक को देखते हुए एएसआई ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। विभाग ने तत्काल प्रभाव से मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के हथियार लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही मंदिर क्षेत्र में चेतावनी पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से श्रद्धालुओं और आगंतुकों को सूचित किया गया है कि धार्मिक स्थल की मर्यादा और सुरक्षा के दृष्टिगत हथियार लाना वर्जित है। एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद नीरज मैठाणी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता किया जा रहा है। मंदिर परिसर में नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष फ्लेक्स बोर्ड तैयार किए जा रहे हैं। वहीं 22 अप्रैल तक प्रिंटिंग प्रेस से ये नए फ्लेक्स बोर्ड बनकर आ जाएंगे, जिन्हें मुख्य स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा। एएसआई ने स्थानीय प्रशासन को भी हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं ताकि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो सके।