अल्मोड़ा: ई-मोबाइल वैन के जरिए गाँव-गाँव पहुँच रही पुलिस, नए कानूनों की दी जानकारी, ग्रामीणों से किया ‘सीधा संवाद’





अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रेशेखर घोडके के निर्देशन में जनपद में सचल न्यायालय (ई-मोबाइल वैन) के माध्यम से भारत सरकार द्वारा अधिनियमित नए आपराधिक कानूनों के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।


दी यह जानकारी


इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा प्रावधानों तथा नवीन कानूनों की सरल एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराना है। ई-मोबाइल वैन पुलिस टीम द्वारा माह अप्रैल के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में इस सप्ताह कोतवाली चौखुटिया क्षेत्र के मासी, खीड़ा तथा थाना भतरौजखान के अंतर्गत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों एवं विद्यालयों में पहुंचकर आमजन एवं छात्र-छात्राओं को नए कानूनों की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने भारतीय न्याय संहिता (2023), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (2023) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (2023) के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही नागरिकों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं और शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया। पुलिस टीम ने अवगत कराया कि नए आपराधिक कानूनों के लागू होने से न्याय प्रणाली अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं त्वरित बनेगी, जिससे आमजन को बेहतर सुरक्षा एवं शीघ्र न्याय मिल सकेगा। इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने, नशे से दूर रहने तथा कानूनों का पालन करते हुए समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान नागरिकों को साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति से संबंधित पंपलेट वितरित कर महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गयी।


सचल न्यायालय (ई-मोबाइल वैन) टीम


अपर उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह खाती

कानि0 वीरेंद्र सिंह रिंगवाल

कानि0 सुमित कुमार

चालक कानि0 अजय जोशी