नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 15 किलोमीटर दूर भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैंची धाम के समीप बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
सड़क हादसा
मिली जानकारी के अनुसार यहां उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के युवकों की एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 12:45 बजे डायल 112 के माध्यम से निगलाट (कैंची धाम) के पास एक वाहन के खाई में गिरने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही भवाली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में पुलिस बल और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रात के अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चले सघन सर्च अभियान के दौरान यूपी नंबर की कार (UP25EJ-4586) गहरी खाई में नदी के पास दुर्घटनाग्रस्त मिली।
मृतक और घायलों की पहचान
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में सवार सभी पांचों युवकों को खाई से बाहर निकाला। इनमें संदीप शर्मा (निवासी- मनकापुर, थाना भुता, बरेली) की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए चारों युवकों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवाली पहुंचाया गया। घायलों का विवरण इस प्रकार है
• अनुज तिवारी (29): निवासी शेखपुर, थाना भुता, बरेली (हादसे के वक्त यही कार चला रहे थे)
• संचित तिवारी (26): निवासी बरेली
• सनी (23): निवासी बरेली
• रवि: निवासी बरेली
पुलिस की कार्रवाई
भवाली कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस रेस्क्यू अभियान में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के साथ कांस्टेबल तारा कंबोज, हरीश बिष्ट, महेश गोस्वामी और होमगार्ड राजेंद्र बिष्ट की मुख्य भूमिका रही।