अल्मोड़ा: गुलदार का खौफ, मवेशी चराने गई युवती पर दिनदहाड़े हमला, गंभीर रूप से घायल

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के रानीखेत स्थित कालीगाढ़ पट्टी के कुंवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर गुलदार ने एक 22 वर्षीय युवती पर हमला कर दिया। जिसमें युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

गुलदार का आतंक

मिली जानकारी के अनुसार ऐना गांव निवासी बबीता पुत्री दीवान सिंह दोपहर करीब तीन बजे मवेशियों को लेने के लिए गांव की अन्य सहेलियों और बच्चों के साथ जंगल की ओर गई थी। सड़क पर अन्य लोगों के रुकने के बाद बबीता अकेले ही जंगल के भीतर की तरफ आगे बढ़ गई। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। बबीता के चीखने की आवाज सुनकर उसकी सहेलियों ने हिम्मत जुटाई और शोर मचाना शुरू किया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार युवती को घायल अवस्था में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद लहूलुहान बबीता को तुरंत नागरिक चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

पिंजरा लगाने की मांग

इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने और मानव-वन्यजीव टकराव को रोकने के लिए क्षेत्र में पिंजड़ा लगाने की मांग की है‌।