अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में द्वाराहाट ब्लॉक के सुदूर ऐना गांव में शुक्रवार देर शाम हुई एक सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
युवक की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 8 बजे जब घर की महिलाएं भोजन बनाने की तैयारी में थीं, तभी काले कपड़े पहने एक युवक ने अचानक घर में घुसकर सागर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सागर की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर उसे बचाने के लिए दौड़ीं बुआ जानकी देवी और चचिया सास सावित्री देवी (सबुली देवी) पर भी हमलावर ने हमला कर दिया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय सागर सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सिमोली गांव का रहने वाला था और मेरठ में पढ़ाई करता था। वह पिछले 10 दिनों से ऐना गांव स्थित अपनी बुआ जानकी देवी के घर सेना भर्ती की तैयारी के सिलसिले में रह रहा था।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में दोनों घायलों को रानीखेत के गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी हरबंश सिंह और सीओ भावना कैंथोला ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच कर रही है।