दीजिए बधाई: कजाखस्तान में चमके हल्द्वानी के वैभव, सीनियर एशियन जु-जित्सु में भारत को दिलाया कांस्य पदक

हल्द्वानी: जुजित्सु एशियन यूनियन और कजाखस्तान जु जित्सु फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में 15 से 19 जुलाई तक अल्माटी कजाखस्तान में चल रही सीनियर एशियन जु जित्सु चैंपियनशिप – 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए हल्द्वानी शहर के होनहार सीनियर खिलाड़ी वैभव सिंह पड़ियार ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर देश के लिए 01 कांस्य पदक जीता।

जीता कांस्य पदक

जुजित्सु एसोसियेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और वरिष्ठ जु–जित्सु प्रशिक्षक विनय जोशी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कजाकिस्तान की अलमाटी में चैंपियनशिप में आज शनिवार को हल्द्वानी शहर के खेल स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सीनियर वर्ग में एक कांस्य पदक जीता। शहर के निवासी और सीनियर खिलाड़ी वैभव सिंह पड़ियार ने सीनियर पुरुष वर्ग के –62 किलो भार वर्ग की जूजित्सु फाइटिंग स्पर्धा में देश के लिए कांस्य पदक जीता। उन्होंने बताया की उक्त सीनियर चैंपियनशिप में एशिया के 24 देशों के चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उनके मुकाबले कजाखस्तान, थाईलैंड और कंबोडिया के खिलाड़ियों से हुए ।

दी बधाई

जु–जित्सु खिलाड़ी की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री रेखा आर्य, सांसद एवं पूर्व रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बुटोला, उप निदेशक खेल रसिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, निदेशक सतीश जोशी सहित कई गणमान्य नागरिकों एवं खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।