हल्द्वानी: सीनियर एशियन जू-जित्सु चैंपियनशिप में ममता उपाध्याय ने कजाकिस्तान में लहराया तिरंगा, भारत के लिए जीता कांस्य पदक​


हल्द्वानी: कजाकिस्तान के अलमाटी शहर में आयोजित 10वीं सीनियर एशियन जू-जित्सु चैंपियनशिप-2026 में देवभूमि उत्तराखंड की बेटी ममता उपाध्याय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया है। हल्द्वानी शहर की रहने वाली ममता ने प्रतियोगिता के अंतिम दिन महिला वर्ग की कड़े मुकाबले वाली स्पर्धा में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश के लिए कांस्य पदक अपने नाम किया।
​63 किलो भार वर्ग में जमाया कब्जा

​जू-जित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विनय जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि जू-जित्सु एशियन यूनियन के निर्देशन और कजाखस्तान जू-जित्सु फेडरेशन की मेजबानी में 15 से 19 जुलाई तक इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। रविवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन आयोजित मुकाबलों में हल्द्वानी स्थित खेल स्टेडियम से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं ममता उपाध्याय ने सीनियर महिला वर्ग की –63 किलो भार वर्ग (जू-जित्सु कॉन्टैक्ट स्पर्धा) में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और देश को पदक दिलाया।

​इतने देशों के खिलाड़ियों को दी टक्कर

​गौरतलब है कि इस प्रतिष्ठित एशियन चैंपियनशिप में एशिया महाद्वीप के 24 देशों के चयनित खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। ममता उपाध्याय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से हल्द्वानी शहर सहित पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है। उनकी इस सफलता पर ​खेल मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट, अध्यक्ष कुलदीप सिंह बुटोला एवं उपाध्यक्ष मोहन पाठक, उप निदेशक (खेल) रसिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत एवं निदेशक सतीश जोशी व‌ तमाम खेल प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों ने बधाई दी है।