अल्मोड़ा: जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) युक्ता मिश्र आज शनिवार सुबह 08:44 बजे निरीक्षण के लिए पहुँची।
दिए यह निर्देश
इस औचक निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति और अनुशासन को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई, जिस पर अपर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान एडीएम के संज्ञान में आया कि आपदा प्रबंधन जैसे संवेदनशील विभाग के कार्यालय में कर्मचारियों के लिए बायोमैट्रिक उपस्थिति की कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा, पारंपरिक उपस्थिति पंजिका (अटेंडेंस रजिस्टर) में भी कार्मिकों द्वारा नियमित रूप से हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे थे। निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए एडीएम युक्ता मिश्र ने प्रभारी अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को व्यवस्था में सुधार के सख्त निर्देश दिए। जिसमें कार्यालय में कर्मचारियों की पारदर्शी और डिजिटल हाजिरी के लिए तत्काल बायोमैट्रिक मशीन स्थापित करने की कार्रवाई की जाए। उपस्थिति पंजिका का विधिवत संधारण कराया जाए और सभी कार्मिकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। कर्मचारियों के कार्य निष्पादन और उपस्थिति की नियमित समीक्षा की जाए ताकि कार्यालय में अनुशासन और प्रशासनिक जवाबदेही बनी रहे।