उत्तराखंड: पहली तिमाही में कर संग्रहण में शानदार प्रदर्शन, कुल रेवेन्यू में 22% और SGST में 24% का दर्ज हुआ उछाल

उत्तराखंड: उत्तराखंड राज्य कर विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) में राजस्व संग्रहण के मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया है।

समीक्षा बैठक का आयोजन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में शनिवार को प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिसमें सामने आया कि पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में राज्य के कुल कर संग्रहण में 22 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से जून 2026 की अवधि में राज्य का कुल कर संग्रहण बढ़कर 3,796 करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 3,115 करोड़ रुपये था।

​मुख्य श्रेणियों में देखें राजस्व की स्थिति

• ​नेट एसजीएसटी: इसमें 24 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कलेक्शन 2,457 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,056 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
• ​नॉन-जीएसटी: इस मद में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई, जिससे संग्रहण 658 करोड़ रुपये से बढ़कर 740 करोड़ रुपये हो गया।
• ​सीआईयू के माध्यम से वसूली: कर चोरी रोकने वाली विंग सीआईयू ने भी रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। पूरे वित्तीय वर्ष 2025-26 में सीआईयू से 12.92 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में अकेले जून 2026 तक ही 16.48 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं। यह पिछले वर्ष की तुलना में 27.6 प्रतिशत अधिक है।