हरिद्वार: ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक हरिद्वार स्थित सुविधा होटल में आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन
जिसमें एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) वी.के. अग्निहोत्री और सचिव डॉ. वेद भूषण शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी 28 और 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले दो दिवसीय ‘राष्ट्रीय एलुमनाई मीट एवं अकादमिक कार्यशाला-2026’ की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया कि यह ऐतिहासिक आयोजन ऋषिकुल राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेद महाविद्यालय परिसर में संपन्न होगा। वहीं तैयारियों की समीक्षा के लिए 23 अगस्त, 13 व 27 सितंबर और 23 व 30 अक्टूबर 2026 को आगामी बैठकें आयोजित की जाएंगी।
दो दिवसीय सम्मेलन में होंगे वैज्ञानिक सत्र
एसोसिएशन के सचिव डॉ. वेद भूषण शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि आयोजन के पहले दिन उद्घाटन समारोह, मुख्य अतिथि का संबोधन और वैज्ञानिक शोध पत्रों की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही अग्निकर्म, क्षारसूत्र, रक्तमोक्षण और मर्म चिकित्सा जैसे आयुर्वेद के पारंपरिक विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण (हैंड्स-ऑन वर्कशॉप) दिया जाएगा। इस दौरान आयुर्वेद में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग जैसे आधुनिक विषयों पर भी विशेष व्याख्यान आयोजित होंगे। पहले दिन की शाम सांस्कृतिक संध्या के नाम रहेगी, जिसमें शास्त्रीय नृत्य, लोकनृत्य, एलुमनाई टैलेंट शो और कॉलेज की पुरानी स्मृतियों पर आधारित प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी।
किया जाएगा सम्मानित
कार्यक्रम के दूसरे दिन जनरल बॉडी मीटिंग, पूर्व छात्रों का सम्मान समारोह और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा के बाद समापन किया जाएगा। अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) वी.के. अग्निहोत्री ने बताया कि ऋषिकुल की 105 से अधिक वर्षों की गौरवशाली विरासत को दर्शाने के लिए एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस अवसर पर ‘डिजिटल एलुमनाई डायरेक्टरी’ का विमोचन, ऋषिकुल म्यूजियम भ्रमण, हेरिटेज वॉक, और एलुमनाई-स्टूडेंट करियर मेंटरशिप सेशन भी आयोजित किए जाएंगे। देश-विदेश में मौजूद पूर्व छात्रों को जोड़ने के लिए पूरे कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन में विशिष्ट पूर्व छात्रों को लाइफटाइम अचीवमेंट और युवा शोधकर्ता पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
विभिन्न समितियों का गठन
कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप देने के लिए अलग-अलग समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
• पंजीकरण: डॉ. मनीषा दीक्षित
• वित्त: डॉ. टी.के. गर्ग
• वैज्ञानिक एवं स्मारिका: डॉ. देवेंद्र शर्मा चमोली एवं डॉ. यदवेंद्र यादव
• भोजन: डॉ. अशोक पालीवाल एवं डॉ. अरुण कुमार
• सांस्कृतिक: डॉ. नरेश चौधरी
• मंच व सजावट: डॉ. पारुल शर्मा
• प्रचार व मीडिया: डॉ. अवनीश उपाध्याय
• प्रायोजन (Sponsorship): डॉ. यू.एन. पांडे एवं डॉ. प्रमोद कपूर
• स्वयंसेवक (Volunteers): डॉ. वेद भूषण शर्मा
• फोटोग्राफी: डॉ. वीरेंद्र कुमार
• प्रदर्शनी: डॉ. राजीव कुमार
रहे उपस्थित
इस बैठक में संरक्षक डॉ. रमेश चंद्र गोयल, संयोजक डॉ. नरेश कुमार चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. प्रेम प्रकाश सतलेवाल, कोषाध्यक्ष डॉ. टी.के. गर्ग, उप सचिव डॉ. यादवेंद्र यादव व डॉ. पारुल शर्मा, सदस्य डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. अरुण कुमार और आमंत्रित सदस्य डॉ. अमन गुप्ता सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।