अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में चौखुटिया क्षेत्र में कंपनी के भरोसे को दरकिनार कर लाखों रुपये की विद्युत केबिल चोरी कर फरार हुए एक सब-कॉन्ट्रैक्टर को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत की 06 बंडल विद्युत केबिल और केबिल कटर बरामद किया है।
घटना दिनांक 31 जुलाई 2026 की है। जब मैसर्स एस.जे. ट्रांसफॉर्मर्स एल.एल.पी., आगापुर (रामपुर) के मैनेजर वासुदेव चिलकोटी ने कोतवाली चौखुटिया में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी द्वारा मासी-चौखुटिया क्षेत्र में विद्युत लाइनों को बंच केबिल में बदलने का कार्य किया जा रहा है। 29 जुलाई 2026 को जब कार्यस्थल का निरीक्षण किया गया, तो वहां रखे 6 ड्रमों से भारी मात्रा में विद्युत केबिल गायब मिली। यह कार्य सब-कॉन्ट्रैक्टर रंजीत को सौंपा गया था, जो घटना के बाद से बिना किसी सूचना के कार्यस्थल से फरार था।
तहरीर के आधार पर कोतवाली चौखुटिया में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक सचेन्द्र यादव को सौंपी गई।
पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा, चंद्रशेखर घोडके ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए थे। सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चौखुटिया अशोक कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी सुरागरसी-पतारसी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 अगस्त 2026 को, सूचना मिलने के मात्र 24 घंटे के भीतर, नामजद अभियुक्त रंजित (उम्र- 28 वर्ष) पुत्र यादराम, निवासी- ग्राम यूसुफपुर नगलिया करनपुर, थाना पकवाड़ा, जनपद मुरादाबाद को चौखुटिया क्षेत्र से दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई लगभग 5 लाख रुपये मूल्य की 06 बंडल विद्युत केबिल बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
बरामदगी
• 06 बंडल विद्युत केबिल व केबिल कटर
• कुल अनुमानित कीमत: करीब ₹5,00,000/-
पुलिस टीम रहीं शामिल
1. उ0नि0 सचेन्द्र यादव (कोतवाली चौखुटिया)
2. अ0उ0नि0 दीवान सिंह कोरंगा (कोतवाली चौखुटिया)
3. कांस्टेबल संदीप कुमार (कोतवाली चौखुटिया)
4. कांस्टेबल राजेश भट्ट (एसओजी अल्मोड़ा)