अल्मोड़ा: पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद की मासिक बैठक हुई सम्पन्न, संबंधित अधिकारियों को दिए यह निर्देश

अल्मोड़ा जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद, अल्मोड़ा की मासिक बैठक आहूत की गई, तथा बैठक में पिछले मासिक बैठक दिनांक 3-8-2023 की पुष्टि की गई व माह अगस्त 2023 के आय-व्यय का विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

डेंगू मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सम्पूर्ण क्षेत्र में समय समय पर फॉगिंग करवाने के दिए निर्देश

बैठक प्रारम्भ करने से पूर्व सर्वप्रथम पं० गोविन्द बल्लभ पन्त, हिमालय पर्यावरण एवं विकास संस्थान कोसी कटारमल, अल्मोड़ा के वैज्ञानिक डॉ० प्रोमिता घोष एवं डॉ० सुमित राय द्वारा सभासदों एवं उपस्थित कर्मचारियों/अधिकारियों को सोलिड वेस्ट मैनेजमेन्ट के बारे में जानकारी दी गई। उक्त बैठक में सफाई निरीक्षक / अपर अभियन्ता को सदन द्वारा निर्देश दिए गए कि वर्षा के मौसम को देखते हुए तथा प्रदेश में डेंगू मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर के सम्पूर्ण नालों को दुरूस्त रखने तथा नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने व नगर के सम्पूर्ण क्षेत्र में समय समय पर फॉगिंग करवाने के निर्देश दिए गए।

पालिका की वित्तीय स्थिति के अनुसार ही धनराशि उपलब्ध होने पर निर्माण कार्य करवाए जाएंगे

सदन में प्रस्तुत निर्माण कार्यों के आगणनों को स्वीकृति प्रदान की गई तथा सदन द्वारा अवगत कराया गया कि पालिका की वित्तीय स्थिति के अनुसार ही धनराशि उपलब्ध होने पर निर्माण कार्य करवाए जायेगें। जिला योजना एवं विधायक निधि के कार्य जो नगर क्षेत्र में कराये जा रहे हैं उसकी जानकारी व अनापत्ति नगर पालिका परिषद, अल्मोड़ा से लेनी लिए जाने हेतु सदन द्वारा प्रस्ताव किया गया। क्योंकि जिला योजना एवं विधायक निधि के जो कार्य नगर क्षेत्र में होते हैं उसकी जानकारी पालिका को नहीं हो पाती है । अतः सदन द्वारा उक्त कार्यों को प्रारम्भ करने से पूर्व पालिका से अनापत्ति लिए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। नगर पालिका परिषद, अल्मोड़ा की स्वामित्व वाली भूमि को चिन्हित करने के लिए अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए गए।

नालों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिशासी अभियन्ता सिंचाई विभाग को पत्राचार करने के दिए निर्देश

बैठक में स्वागत के पास बन रही पार्किंग के पास से रास्ता निर्माण कराये जाने हेतु पेयजल निगम विधारीखाल रानीखेत को कार्य में गति लाने के लिए पत्राचार करने के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए गए। साथ ही सिंचाई विभाग द्वारा नगर में बनाये जा रहे नालों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिशासी अभियन्ता सिंचाई विभाग को पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।

गड्ढे युक्त सड़क को तत्काल ठीक करवाए जाने हेतु दिए निर्देश

रानीधारा रोड में ग्रेस स्कूल के पास क्षतिग्रस्त दिवार के निर्माण हेतु लोक निर्माण विभाग द्वारा टैण्डर के उपरान्त भी कार्य न करने पर सदन द्वारा चिन्ता व्यक्त की गई। इस सम्बन्ध में निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के लिए पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। वीरशिवा रोड में जल निगम द्वारा कार्य किया गया था, जिसकी आज बहुत बुरी हालत है, उसमें पड़े गड्ढे तुरन्त भरवाए जाय। इस हेतु जल निगम को उक्त सड़क को तत्काल ठीक करवाए जाने हेतु पत्राचार किए जाने के निर्देश दिए गए।

उपस्थित रहे

उक्त बैठक में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, सभासद दीपा साह, दीप्ती सोनकर, आशा रावत, राजेन्द्र तिवारी, हेम चन्द्र तिवारी, जगमोहन बिष्ट, मनोज जोशी, तरन्नुम बी, विजय पाण्डे, अमित साह, सौरभ वर्मा, सचिन आर्या, अर्जुन बिष्ट, तथा अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, एवं पालिका के समस्त अनुभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।