हल्द्वानी: रौब झाड़ने के लिए कार पर लगाई नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड, नैनीताल पुलिस ने सघन चेकिंग में दबोचा रामपुर का फर्जी I.B. अधिकारी

हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान फर्जी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) अधिकारी बनकर घूम रहे एक युवक को पकड़ा है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता की टीम तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग कर रही थी।

पुलिस की कार्यवाही

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभियुक्त अपनी कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगाकर लोगों पर रौब झाड़ता था। चेकिंग के दौरान सख्ती से हुई पूछताछ में पुलिस ने अभियुक्त के पास से फर्जी आई-कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो के फर्जी दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एक एयरगन बरामद की है। काठगोदाम की तरफ से आ रही एक हुंडई कार (UP25CS 9327) पर नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ लिखा देख पुलिस टीम ने उसे रोक लिया। कार चला रहे युवक ने खुद को IB अधिकारी बताते हुए एक पहचान पत्र दिखाया। चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान (24 वर्ष), निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। जब पुलिस अधिकारियों ने पद और तैनाती से जुड़े सवाल पूछे, तो वह सकपका गया। संदेह होने पर जब कार की तलाशी ली गई, तो डैशबोर्ड से पिस्टल जैसी एयरगन, फर्जी IB आईडी कार्ड और इंटेलिजेंस ब्यूरो के फर्जी कागजात बरामद हुए। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि वह फर्जी दस्तावेजों और एयरगन के दम पर लोगों पर रौब जमाने का काम करता था।

मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी कोतवाली में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा (FIR No. 315/2026) दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम

• ​उ0नि0 कृपाल सिंह (प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव)
• ​कांस्टेबल मो0 अजहर
• ​कांस्टेबल सुनील टम्टा