उत्तराखंड: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के 23 जांबाज जवानों ने उत्तराखंड में भारत-तिब्बत सीमा पर स्थित 7,355 मीटर (24,131 फीट) ऊंचे अति-चुनौतीपूर्ण ‘माउंट एबी गामिन’ को सफलतापूर्वक फतह किया है और एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
रचा नया इतिहास
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हिमवीरों ने 16 सितंबर को जमा देने वाली ठंड, ऑक्सीजन की भारी कमी और विषम परिस्थितियों को मात देते हुए इस दुर्गम चोटी पर तिरंगा फहराया है। यह ऐतिहासिक फतह ‘फोर्स लेवल माउंटेनियरिंग एक्सपीडिशन 2026’ का हिस्सा थी। डिप्टी कमांडेंट परीक्षित शाह की अगुवाई में निकले इस दल को 7 अगस्त को नई दिल्ली स्थित ITBP मुख्यालय से महानिदेशक (DG) शत्रुजीत कपूर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। सफलतापूर्वक अभियान पूरा होने पर ITBP के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से ‘हिमवीरों ने माउंट एबी गामिन को फतह किया’ संदेश के साथ जवानों की उपलब्धि साझा की। उत्तराखंड के चमोली जिले में गढ़वाल हिमालय के अंतर्गत स्थित माउंट एबी गामिन, माउंट कामेट से लगभग 2 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है। इसकी उत्तरी ढलानें तिब्बत की ओर जाती हैं।