उत्तरकाशी: स्वैच्छिक रक्तदान दिवस आज, जिला अस्पताल में लगा रक्तदान शिविर, लोगों ने किया रक्तदान, ITBP के जवानों और युवाओं ने दिखाया उत्साह

​उत्तरकाशी: भारत में प्रत्येक वर्ष 1 अक्टूबर को
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर आज जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में 12वीं बटालियन ITBP (मछली) के विशेष सहयोग से एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।

स्वैच्छिक रक्तदान दिवस

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता और युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा। रक्तदान शिविर का औपचारिक शुभारंभ जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.एस. रावत ने रिबन काटकर किया। इस दौरान 12वीं बटालियन ITBP के जवानों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 14 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया, जबकि 35 अन्य लोगों ने भविष्य में रक्तदान के लिए अपना पंजीकरण कराया।
​
दिलाई शपथ

रक्तदान के उपरांत प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.एस. रावत ने सभी उपस्थित रक्तदाताओं को नियमित रक्तदान की शपथ दिलाई और उन्हें सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए डॉ. रावत ने कहा, “रक्तदान एक अत्यंत महान और निस्वार्थ सामाजिक सेवा है। आपके द्वारा दान की गई रक्त की एक बूंद किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकती है।” उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने तथा समाज में दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
​
रहें उपस्थित

शिविर के सफल संचालन और प्रबंधन में ब्लड बैंक एवं जिला चिकित्सालय की टीम का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर ब्लड बैंक इंचार्ज मनोज नौटियाल, टेक्निकल ऑफिसर ललित राणा, नर्सिंग अधिकारी कुलदीप सुमड़ी, नर्सिंग अधिकारी प्रदीप चौहान, हेमकांत नौटियाल समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।