उत्तरकाशी: भालू का आतंक: दहशत में मल्ला गांव, ग्रामीण पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

​उत्तरकाशी: विकासखंड भटवाड़ी के मल्ला गांव में भालू का आतंक बढ़ता जा रहा है। यहां सोमवार सुबह भालू ने एक 55 वर्षीय व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

भालू का आतंक

मिली जानकारी के अनुसार मल्ला निवासी जगवीर सिंह रावत (55 वर्ष), पुत्र तेज सिंह रावत, सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे अपनी छान (गौशाला/अस्थाई घर) की ओर जा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। जगवीर सिंह की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े और शोर मचाकर भालू को भगाया। घटना के तुरंत बाद ग्रामीण उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल उत्तरकाशी रेफर कर दिया। अस्पताल में भर्ती जगवीर सिंह की हालत अभी चिंताजनक बनी हुई है।

ग्रामीणों में आक्रोश

​मल्ला गांव में लगातार हो रहे भालू के हमलों से ग्रामीणों में भारी दहशत और वन विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी भालू कई लोगों पर हमला कर चुका है। लगातार शिकायतों के बावजूद वन विभाग द्वारा भालू को पकड़ने या सुरक्षा का कोई पुख्ता इंतजाम न करने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए।