उत्तराखंड: अर्द्धकुंभ में इतने करोड़ तक श्रद्धालुओं की उम्मीद, 1021 AI कैमरों और NSG-ATS के पैनी नजर में होगा मेला, बनेंगे 9 ग्रीन कॉरिडोर

​उत्तराखंड: आगामी अर्द्धकुंभ मेले को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम तेज कर दिए हैं।

लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

जिसमें जनवरी में शुरू होने वाले इस महाआयोजन में 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारी भीड़ और संवेदनशीलता को देखते हुए मेला क्षेत्र में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है, जिसमें आधुनिक तकनीक और विशेष सुरक्षा बलों का समन्वय शामिल होगा। निगरानी व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में 1021 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिन्हें हरिद्वार में बन रहे अत्याधुनिक कमांड कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इन कैमरों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे भीड़ के दबाव, असामान्य हलचल और संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान हो सकेगी। यह कंट्रोल रूम 13 ग्रिडों से जुड़ा रहेगा, जिससे विभिन्न विभागों के बीच तालमेल और त्वरित फैसले लेने में मदद मिलेगी।

​NSG-ATS की तैनाती

सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए अर्द्धकुंभ के दौरान आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की तैनाती भी प्रस्तावित है। हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र में 9 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त फोर्स और विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आपात स्थिति में राहत-बचाव और एंबुलेंस व सुरक्षा वाहनों की निर्बाध आवाजाही के लिए 9 ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार किए जाएंगे।

​