आज 21 नवंबर 2026 है। आज तुलसी विवाह है। कार्तिक मास में आने वाली शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान, देवउठनी या प्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है। यह एकादशी दीपावली के बाद आती है। मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में 4 माह शयन के बाद जागते हैं। इस एकादशी पर भगवान हरि के जागने के बाद मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। देवउठनी एकादशी के अगले दिन यानी कार्तिक शुक्ल द्वादशी को मां तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से कराया जाता है। इस दिन घर-घर में पूजन और शादी जैसे उत्सव का माहौल रहता है।
जानें शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल तुलसी विवाह 21 नवंबर 2026, शनिवार को मनाया जाएगा। यह पर्व कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को मनाया जाता है। इससे एक दिन पहले यानी 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी है। कुछ घरों में देवउठनी एकादशी की शाम को भी तुलसी विवाह कराने की परंपरा है।
इस साल तुलसी विवाह 21 नवंबर को ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 40 मिनट से 5 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। इसके बाद सुबह 11 बजकर 42 मिनट से 12 बजकर 28 मिनट तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा। वहीं, इसके बाद शाम 5 बजकर 25 मिनट से 6 बजकर 13 मिनट तक गोधूलि मुहूर्त रहेगा। तुलसी विवाह के लिए प्रदोष काल को सबसे शुभ माना जाता है, 21 नवंबर को प्रदोष काल शाम 5 बजकर 25 मिनट से 7 बजकर 49 मिनट तक रहेगा।
तुलसी विवाह कराने की परपंरा
शास्त्रों में तुलसी विवाह का आयोजन करना बहुत शुभ माना गया है। इस दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप के साथ तुलसी का विवाह कराने की परपंरा है। इस दिन विधि पूर्वक तुलसी विवाह करने से जीवन से सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। माना जाता है कि तुलसी विवाह का आयोजन जो भी व्यक्ति करता है उसे उसका अत्यधिक शुभ फल प्राप्त होता है। तुलसी विवाह पूर्ण विधि विधान के साथ किया जाता है। शालिग्राम भगवान जी को भगवान विष्णु के ही प्रतिरूप माने जाते हैं।
जाने इससे जुड़ी रोचक कथा
तुलसी विवाह से जुड़ी यह कथा प्रचलित है। मान्यता के अनुसार, श्रीहरि ने जालंधर का रूप धारण कर वृंदा को स्पर्श करके उनके पतिव्रत धर्म को भंग किया था, जिसके कारण वृंदा के पति का युद्ध में संहार संभव हो सका। श्रीहरि द्वारा छले जाने और पति के वियोग से दुखी होकर वृंदा ने सती होने से पहले भगवान विष्णु को पत्थर बन जाने का श्राप दिया। कहा जाता है कि जिस स्थान पर वृंदा सती हुई थीं, उसी स्थान पर तुलसी का पौधा उग गया। वृंदा के श्राप से मुक्त होने के लिए भगवान विष्णु शालिग्राम बन गए और उन्होंने तुलसी से विवाह किया, तब से तुलसी विवाह की यह परंपरा चली आ रही है।
पूजन विधि
तुलसी विवाह के लिए एक चौकी पर आसन बिछा कर तुलसी जी को और शालीग्राम की मूर्ति स्थापित करनी चाहिए। चौकी के चारों और गन्ने का मण्डप सजाए और कलश की स्थापना करें। सबसे पहले कलश और गौरी गणेश का पूजन करना चाहिए। इसके बाद माता तुलसी और भगवान शालीग्राम को धूप, दीप, वस्त्र, माला, फूल अर्पित करें। तुलसी जी को श्रृगांर के समान और लाल चुनरी चढ़ाई जाती है। ऐसा करने से सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद मिलता है। इसके बाद तुलसी मंगाष्टक का पाठ करें। हाथ में आसन सहित शालीग्राम जी को लेकर तुलसी जी के सात फेरे लेने चाहिए। इसके बाद भगवान विष्णु और तुलसी जी की आरती का पाठ करना चाहिए। पूजन के बाद प्रसाद वितरण करें।