अल्मोड़ा: कांग्रेस का ‘हल्ला-बोल’, वोटर लिस्ट से नाम गायब होने पर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता, एडीएम के जरिए राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

​

अल्मोड़ा: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।

सौंपा ज्ञापन

इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने अपर जिलाधिकारी/एडीएम के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर चुनाव आयोग को निष्पक्ष जांच व पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने के निर्देश देने की मांग की। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देशभर में मतदाता सूची से चुन-चुन कर लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। जिस पर भूपेंद्र भोज ने कहा, “अल्मोड़ा जिले में भी बिना किसी ठोस कारण के कई पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब कर दिए गए हैं, जो कि लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है। एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर गरीब, मजदूर और अल्पसंख्यक वर्ग के वोटरों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।”


​चुनाव आयोग से की यह प्रमुख मांगें

​कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए। जिन पात्र मतदाताओं के नाम बिना कारण काटे गए हैं, उन्हें तुरंत सूची में दोबारा जोड़ा जाए। सत्ता पक्ष के कथित हस्तक्षेप को रोकते हुए हर बूथ स्तर पर मतदाता सूची का दोबारा निष्पक्ष सत्यापन कराया जाए और पूरी प्रक्रिया को सार्वजनिक किया जाए।


​रहे मौजूद

​कलक्ट्रेट में हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री केवल सती, बीके पांडे, आनंद बिष्ट, कवींद्र पंत, सुशील साह, भैरव गोस्वामी, कमलेश कुमार, बिक्रम सिंह फर्त्याल, जगदीश पांडे, दीपक कुमार, इसरार अहमद, हिमांशु, दिनेश पिलख्वाल और अशोक पंत सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।