हरिद्वार: अर्धकुंभ में उमड़ने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए मेला क्षेत्र में अर्द्धसैनिक बलों की 100 कंपनियां तैनात की जाएंगी।
की थी मांग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तराखंड सरकार के प्रस्ताव पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। इनमें से 50 कंपनियां जनवरी तक उपलब्ध हो जाएंगी, जबकि शेष कंपनियां चरणबद्ध तरीके से मिलेंगी। स्थानीय पुलिस और पीएसी के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती से मेला क्षेत्र का सुरक्षा घेरा बेहद मजबूत हो जाएगा। भारी भीड़ व अप्रिय घटना को रोकने के लिए राज्य सरकार की ओर से केंद्र से अतिरिक्त बल की मांग की गई थी।
जनवरी तक मिल जाएंगी 50 कंपनियां
केंद्रीय गृह मंत्रालय से 100 कंपनियों की मंजूरी मिलने के बाद अब इनकी उपलब्धता चरणबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा रही है। जनवरी तक 50 कंपनियां मिलने से अर्धकुंभ की तैयारियों के शुरुआती और महत्वपूर्ण चरण में सुरक्षा व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी। शेष कंपनियों की तैनाती भी निर्धारित योजना के अनुसार कराई जाएगी। अर्द्धसैनिक बलों की कंपनियां उपलब्ध कराने की मांग के साथ ही इनके भुगतान की व्यवस्था भी तय कर ली गई है। अर्धकुंभ के दौरान इन सुरक्षा बलों की तैनाती का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।