उत्तराखंड: आगामी अर्धकुंभ को देखते हुए नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक ने जानकी सेतु के सुंदरीकरण की कवायद तेज कर दी है।
कवायद तेज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वेद निकेतन के समीप स्थित इस पुल के बेरंग पड़े पिलरों को अब धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भव्य रूप दिया जाएगा। इसके तहत पुल के दोनों मुख्य पिलरों पर बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की आकर्षक थ्रीडी (3D) कलाकृतियां उकेरी जाएंगी, जो दूर से ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर खींचेंगी। जिसमें नगर पंचायत की ओर से करीब सात लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। योजना के अनुसार, एक पिलर पर भगवान बदरीविशाल के धाम और दूसरे पिलर पर बाबा केदारनाथ के मंदिर की जीवंत पेंटिंग तैयार की जाएगी। इसके आसपास मां गंगा, हिमालय की वादियां, फूलों और अन्य धार्मिक प्रतीकों को भी उकेरा जाएगा।
रात में दिखेंगी विशेष लाइटिंग की छटा
निकाय प्रशासन का लक्ष्य इस प्रोजेक्ट को अगले एक माह के भीतर पूरा करने का है। दिन के साथ-साथ रात के समय भी ये कलाकृतियां अपनी आभा बिखेरें, इसके लिए पिलरों पर विशेष लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। गंगा और पहाड़ों के बीच बने इस सेतु पर धामों की झलक मिलने से यह स्थान एक प्रमुख ‘सेल्फी प्वाइंट’ के रूप में विकसित होगा।