अल्मोड़ा: आगामी 29 नवंबर को होगी पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा, 9 केंद्रों पर तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट, दो पालियों में होगी परीक्षा

​अल्मोड़ा: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा 29 नवंबर 2026 (रविवार) को प्रस्तावित उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।

दी यह जानकारी

इस जिले में परीक्षा के लिए कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2479 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा के लिए नामित मजिस्ट्रेट स्वयं संबंधित केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने अभ्यर्थियों की तलाशी और यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के साथ-साथ परीक्षा कक्षों में आयोग के मानकों के अनुरूप ही कार्मिकों की ड्यूटी लगाने को कहा। एडीएम ने सभी परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी लगाने तथा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, फर्नीचर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

​200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा

​अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू करने और लाउडस्पीकर/ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
​
रहें मौजूद

​बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उप जिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर जसमीत कौर व वर्षा जोशी, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
​