अल्मोड़ा: विकासखंड हवालबाग और ताकुला ब्लॉकों की सीमा पर स्थित विजयपुर पाटिया गांव में मंगलवार को गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर चार गांवों की पारंपरिक और अनूठी बग्वाल (पाषाण युद्ध) सादगी और भाईचारे के साथ संपन्न हुई।
पाषाण युद्ध
जिसमें ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच 56 मिनट तक चले इस रोमांचक युद्ध में 12 बग्वालीवीर मामूली रूप से घायल हुए।
चार गांवों की अटूट एकता का प्रतीक मानी जाने वाली इस बग्वाल में 100 से अधिक बग्वालीवीरों ने हिस्सा लिया। परंपरा के अनुसार, पाटिया, भटगांव और कसून के वीर पंचघटिया नदी के एक छोर पर, जबकि कोट्यूड़ा गांव के वीर दूसरे छोर पर डटे हुए थे। दोनों ओर से हो रही पत्थरों की जोरदार बारिश के बीच कोट्यूड़ा दल के रवि सिंह बिष्ट ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सबसे पहले पंचघटिया नदी में उतरकर उसका जल पीया और अपने दल को विजय दिलाई। जैसे ही रवि ने पानी पीया, शंख ध्वनि के साथ पत्थरों की बरसात रोक दी गई। जीत दर्ज करने के बाद दोनों ही दलों के वीरों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और अगले वर्ष फिर मिलने का वादा करते हुए खुशी-खुशी विदाई ली।
अनोखी बग्वाल की परंपरा
विजयपुर पाटिया में गोवर्धन पूजा के दिन खेली जाने वाली इस बग्वाल में दो दल एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते हैं। नियम के अनुसार, एक दल दूसरे दल को नदी तक पहुंचने और पानी पीने से रोकने का प्रयास करता है। जो भी वीर पत्थरों से बचते हुए सबसे पहले नदी का पानी पी लेता है, उसका दल विजयी घोषित होता है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष पाटिया-भटगांव की टीम ने यह बाजी जीती थी। ढोल-नगाड़ों के नाद के साथ खेले जाने वाले इस पाषाण युद्ध में घायल होने वाले बग्वालीवीरों का इलाज भी बेहद पारंपरिक तरीके से होता है। युद्ध स्थल पर ही स्थानीय मिट्टी लगाकर घायलों का प्राथमिक उपचार किया जाता है।
रहें मौजूद
इस पारंपरिक आयोजन के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनू कुमार, ग्राम प्रधान भावना आर्या, ललित प्रसाद, जीवन लाल, संजय, बंशी लाल, जगदीश राम, प्रधान प्रतिनिधि भुवन चंद्र आर्या, विनोद सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज सिंह बिष्ट, पूरन राम, दयाल राम, भोपाल राम, जगदीश प्रसाद, देवेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज, रमेश लाल, ममता देवी, गुड्डी आर्या और दया पांडे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद रहे।