उत्तराखंड: ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ा एक्शन: सिर्फ चालान से नहीं छूटेगी जान, 32 घंटे करनी होगी समाजसेवा

​उत्तराखंड: सड़क सुरक्षा को सख्त बनाने और यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों की जवाबदेही तय करने के लिए नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी है।

नियमों में बदलाव की तैयारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को अब केवल जुर्माना भरकर राहत नहीं मिलेगी, बल्कि उन्हें जुर्माने के साथ 8 से 32 घंटे तक अनिवार्य रूप से समाजसेवा भी करनी पड़ सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक विभिन्न श्रेणियों में जुर्माना राशि को दोगुना करने के प्रस्ताव पर भी विधायी सुझावों के अनुरूप संशोधन की प्रक्रिया चल रही है। प्रस्तावित नियमावली के अनुसार, नियम तोड़ने वाले चालकों को सामाजिक सरोकार और यातायात सुधार से जुड़े विभिन्न दायित्व सौंपे जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से निम्नलिखित कार्य शामिल हैं-
• ​यातायात और भीड़ प्रबंधन: चौराहों पर यातायात नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करना तथा मेलों व त्योहारों के दौरान व्यवस्था संभालना।
• ​जागरूकता अभियान: स्कूल-कॉलेजों में जाकर छात्रों को सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के प्रति जागरूक करना।
• ​पर्यावरण व सामाजिक कार्य: पौधारोपण, रक्तदान और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाना।

​प्रमाणपत्र के आधार पर मिलेगी जुर्माने में राहत

समाजसेवा की अवधि पूरी करने के बाद उल्लंघनकर्ता को संबंधित सक्षम प्राधिकारी से कार्यपूर्ति का प्रमाणपत्र प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इसी प्रमाणपत्र के आधार पर जुर्माना राशि में राहत या समायोजन संभव हो सकेगा।

​